Hazaribagh: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है.इसी कड़ी में कटकमसांडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 25 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को 7 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांड गांव में दो व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल छापेमारी का आदेश दिया गया.
एएसपी के नेतृत्व में गठित हुई टीम
अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम में कटकमसांडी थाना प्रभारी, पेलावल ओपी प्रभारी, सरस्वती बल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. टीम ने डांड गांव में छापेमारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रिजवान (सुभाष मार्ग) और मो. रफीक (सरदार रोड), दोनों थाना बड़ा बाजार, हजारीबाग के रूप में हुई. पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हैं और बरामद मादक पदार्थ उन्होंने कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांड गांव निवासी छोटन साव से खरीदा था.

तीसरे आरोपी के घर छापेमारी
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छोटन साव के घर छापेमारी की. वहां से भी करीब 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने छोटन साव को भी गिरफ्तार कर लिया. पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से कुल लगभग 25 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की. पुलिस के अनुसार यह खेप स्थानीय स्तर पर बिक्री के लिए लाई गई थी.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कटकमसांडी थाना कांड संख्या 109/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 29/32 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पकड़े गए आरोपियों में मो. रिजवान, पिता स्व. मोहिउद्दीन, सुभाष मार्ग, थाना बड़ा बाजार, हजारीबाग. मो. रफीक, पिता मो. अफजल, सरदार रोड, थाना बड़ा बाजार, हजारीबाग, छोटन साव, पिता स्व. परमेश्वर साव, ग्राम डांड, थाना कटकमसांडी, जिला हजारीबाग शामिल हैं.
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से दो का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड भी है. मो. रिजवान के खिलाफ सदर थाना में हत्या, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में पूर्व से कई मामले दर्ज हैं. छोटन साव के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में मामला दर्ज है. हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.


