हजारीबाग: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रमंडलीय कार्यालय सभागार में आंतरिक वित्तीय संसाधनों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रमंडल के विभिन्न विभागों से प्राप्त राजस्व और उसकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान खान, वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, कृषि, माप एवं तौल, बाजार समिति, निबंधन और भूमि सुधार समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के वार्षिक लक्ष्य, अब तक की प्राप्ति और शेष लक्ष्य से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की. आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रमंडल और जिला स्तर पर पदाधिकारी जिम्मेदारी के साथ राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए कार्य करें और इस माह के अंत तक वसूली में तेजी लाने के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार करें.

Also Read : सरायकेला : दिन में जिला माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक, रात को बालू चोरी का खेल
कम उपलब्धि पर नाराजगी, अवैध बालू उठाव और ओवरलोडिंग पर सख्ती के निर्देश
समीक्षा के दौरान राज्यकर एवं राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार, आरटीए तथा माप एवं तौल विभाग की उपलब्धि तय लक्ष्य से कम रहने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्यों की कड़ी निगरानी, बाधाओं को दूर करने और रणनीतिक प्रयास करने की जरूरत है. आयुक्त ने अवैध बालू उठाव को पूरी तरह बंद कराने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया और कहा कि चोरी-छिपे बालू उठाव करते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारियों को वाहनों की नियमित जांच, ओवरलोडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और छोटे वाहनों के परमिट की सघन जांच करने को कहा. उन्होंने पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण करने, नीलाम पत्र के लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने तथा भूमि और फ्लैट निबंधन से जुड़े मामलों के निष्पादन में तेजी लाकर राजस्व संग्रहण बढ़ाने का भी निर्देश दिया. बैठक में प्रमंडल के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

