Ranchi: रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आज भी अभियान जारी रखा. इस दौरान डोरंडा और कांके रोड इलाके में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. साथ ही रातू रोड चौक से हरमू रोड स्थित शनि मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन की मापी कर अतिक्रमण वाले हिस्सों को चिन्हित किया गया. नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने एजी मोड़ से डोरंडा थाना तक अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर रखे 2 काउंटर, 6 अवैध दुकानें और 5 अस्थायी ढांचे हटाए. अधिकारियों ने दुकानदारों और अन्य लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी. वहीं राम मंदिर (कांके रोड) से किशोरगंज चौक तक भी कार्रवाई की गई. न्यू पुलिस लाइन के पास सड़क किनारे लगी चार ठेलियां और दो गुमटियां हटाई गईं. इसके अलावा बिना ट्रेड लाइसेंस के चल रही तीन दुकानों को बंद कराया गया और संचालकों को जल्द लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें: 45 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मियों की छंटनी पर फिलहाल रोक, ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने जताई संतुष्टि

उप नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार और सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव ने भू-संपदा शाखा की टीम के साथ रातू रोड चौक से हरमू रोड स्थित शनि मंदिर तक सड़क का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क चौड़ीकरण के लिए पहले से अधिग्रहित जमीन पर हुए अतिक्रमण की मापी और मार्किंग की गई. नगर निगम ने जिन लोगों ने सरकारी जमीन या सड़क की भूमि पर अस्थायी या अन्य निर्माण कर रखा है, उन्हें तय समय के भीतर खुद ही उसे हटाने का निर्देश दिया है. अधिकारियों ने साफ कहा है कि समय सीमा खत्म होने के बाद निगम अपनी ओर से कार्रवाई करेगा.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग के युवा फिल्मकार पंकज हिन्दुस्तानी की बड़ी उपलब्धि, ‘यू आर हैक्ड’ दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड के लिए नामांकित


