Seraikela: सरायकेला परिसदन में झारखंड मुक्ति मोर्चा की जिला समिति और सभी वर्ग संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में खरसावाँ विधायक दशरथ गगराई उपस्थित थे. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और SIR अभियान को सफल बनाने की रणनीति बनी. बैठक में संगठन को पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर तक सक्रिय बनाने, वर्ग संगठनों को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक का प्रमुख एजेंडा भारत निर्वाचन आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान रहा. निर्णय लिया गया कि झामुमो का हर कार्यकर्ता और सभी वर्ग संगठन इस अभियान में पूरी जिम्मेदारी से जुटेंगे.
बूथ स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाने और मतदाताओं की मदद करने का निर्णय
बैठक में कहा गया कि संगठन की मजबूती ही जनता की मजबूती है. झामुमो हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के लिए संघर्ष करता रहा है. SIR अभियान में यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे. सभी कार्यकर्ता गंभीरता से काम करें. बैठक में तय किया गया कि बूथ से पंचायत और प्रखंड स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा. मतदाताओं को सहयोग दिया जाएगा और SIR प्रक्रिया में आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की गई. साथ ही जिले के हर प्रखंड और नगर क्षेत्र में नियमित संगठनात्मक बैठकें कर कार्यों की समीक्षा और पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय हुआ. डॉ. शुभेन्दु महतो, जिलाध्यक्ष, झामुमो सरायकेला-खरसावाँ ने कहा कि झामुमो एक जनआधारित संगठन है और इसकी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. SIR लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है. हर पात्र मतदाता का नाम सूची में रहे, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. सभी बूथ स्तर पर सक्रिय रहें और जनता की मदद करें.

ALSO READ: रांची नगर निगम ने डोरंडा और कांके रोड से हटाई दुकानें, सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि की गई चिन्हित
बैठक में केंद्रीय सदस्य चारुचाँद किस्कु, गणेश चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष भुगलू सोरेन, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशीला तांती, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जन्नत हुसैन, किसान, छात्र, व्यवसायी और बुद्धिजीवी मोर्चा के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे. बैठक के अंत में सभी वर्ग संगठनों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक जनकेंद्रित बनाने का निर्देश दिया गया.


