Ranchi: असम में होने वाले आगामी चुनाव से पहले रांची में सियासी हलचल तेज हो गई है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को उनके कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में असम के कई प्रमुख कांग्रेसी नेताओं ने मुलाकात की. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक हालात और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई. सबसे पहले असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच असम के आगामी विधानसभा चुनाव, मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति और झारखंड में चल रही विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से बातचीत हुई.

असम जातीय परिषद के नेता भी सीएम हेमंत से मिले
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू भी मौजूद रहे. इसके बाद असम जातीय परिषद (AJP) के अध्यक्ष लूरिनज्योति गोगोई ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस दौरान असम की राजनीतिक स्थिति, आगामी चुनाव और विभिन्न विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई. मुलाकात के दौरान असम जातीय परिषद के कई अन्य नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

