Hazaribagh: जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां गांव के समीप NH-33 पर भीषण सड़क हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान नगवां निवासी विजय रवानी के रूप में हुई है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.
तेज रफ्तार टीपर ट्रक ने मारी टक्कर, चालक फरार
परिजनों के अनुसार, विजय रवानी देर रात सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार और अनियंत्रित टीपर ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, घटना की जानकारी मिलते ही सुबह सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

मुआवजा, सरकारी नौकरी और गिरफ्तारी की मांग
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं, उनका कहना है कि हादसे के जिम्मेदार टीपर चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, सभी सरकारी योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, इन मांगों को लेकर ग्रामीण सड़क जाम हटाने को तैयार नहीं हैं.
ALSO READ: रांची: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक व धांधली मामला, रौशन कुमार को नहीं मिली अग्रिम जमानत
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना और जाम की सूचना मिलते ही कोर्रा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. हजारीबाग सदर के अंचलाधिकारी (CO) आशुतोष ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से जाम हटाने और मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया.


