Giridih: जिले के सरिया प्रखंड अंतर्गत गरमुंडो गांव में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान गरमुंडो निवासी रघु यादव की पत्नी के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, महिला खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और उसने महिला पर हमला कर दिया. हमले में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
एक लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और सरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. वन विभाग के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में एक लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा प्रदान किया. अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष मुआवजा भी उपलब्ध कराया जाएगा.

प्रशासन की लोगों से सतर्क रहने की अपील
इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे सुबह-शाम अकेले खेतों की ओर न जाएं तथा जंगली हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार से उसे उकसाने का प्रयास न करें.
ALSO READ : गिरिडीह का आधुनिक आधार सेवा केंद्र बना लोगों की पहली पसंद, रोज 300 से अधिक नागरिक उठा रहे लाभ


