Giridih: जिला प्रशासन के प्रयासों से जिले का एकमात्र आधार सेवा केंद्र (ASK) आधार संबंधी सभी सेवाओं के लिए नागरिकों का भरोसेमंद केंद्र बनकर उभरा है. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस केंद्र में प्रतिदिन 300 से अधिक लोग नए आधार नामांकन, आधार अपडेट, मोबाइल नंबर व बायोमेट्रिक अपडेट, दस्तावेज़ अद्यतन तथा आधार प्रिंट जैसी सेवाओं का लाभ ले रहे हैं. केंद्र में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वातानुकूलित कार्यालय, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. प्रशिक्षित कर्मियों और आधुनिक संसाधनों के कारण यहां आधार संबंधी सभी कार्य त्वरित एवं व्यवस्थित तरीके से किए जा रहे हैं.

सप्ताह के सातों दिन संचालित रहता है आधार सेवा केंद्र

इस आधार सेवा केंद्र की विशेषता यह है कि यह सप्ताह के सातों दिन संचालित रहता है. इससे नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी दिन आधार से संबंधित कार्य करा सकते हैं. एक ही स्थान पर नए आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल, बायोमेट्रिक और दस्तावेज़ अपडेट सहित सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध हैं. जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि आधार से जुड़े किसी भी नामांकन या अद्यतन कार्य के लिए केवल अधिकृत आधार सेवा केंद्र का ही उपयोग करें, ताकि सुरक्षित, प्रमाणिक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त हो सकें.

ALSO READ : भाकपा (माओवादी) के जोनल कमांडर दीपक यादव को झारखंड हाईकोर्ट से राहत नहीं, जमानत याचिका खारिज


