Ranchi: भारत सरकार की जीरो कोल लीकेज (कोयले पहल को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है. खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के तहत मिले विशेष अधिकारों का उपयोग करते हुए, CISF ने अवैध कोयला खनन, चोरी, अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. MMDR अधिनियम की धारा 22, 23बी और 24 के तहत CISF के नामित अधिकारियों को अधिकार मिलने के बाद, बल ने राष्ट्रीय खनिज संसाधनों की सुरक्षा और कोयला क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह विशेष अभियान छेड़ा है. यह पूरी कार्रवाई कोल इंडिया की सहायक कंपनियों, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय और खुफिया जानकारियों के आधार पर की जा रही है.
चार से आठ जुलाई विशेष अभियान के मुख्य आंकड़े
चार से आठ जुलाई के बीच झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में सघन संयुक्त छापेमारी की गई. इस दौरान 428.34 मीट्रिक टन कोयला (अवैध रूप से खनन और भंडारित) बरामद किया गया. इसके अलावा चार FIR स्थानीय थानों में दर्ज की गई. साथ ही एक हाइवा ट्रक, 13 से अधिक मोटरसाइकिलें और अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए. कई कोयला चोरों और अवैध कारोबारियों को पकड़ा गया है, जिन पर कानूनी कार्रवाई जारी है.

विभिन्न कोयला क्षेत्रों में हुई कार्रवाई का विस्तृत विवरण
- BCCL धनबाद में सबसे बड़ी रिकवरी (319.54 मीट्रिक टन) की गई. CISF ने धनबाद और आस-पास के कतरास, ब्लॉक-II, बसंतीमाता (कारगिल), कुस्तौर, सिजुआ, जियलगोरा, बरोरा, गोविंदपुर और एनटीएसटी क्षेत्रों में खुफिया जानकारी के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस कार्रवाई में सटीक मानवीय खुफिया जानकारी के साथ-साथ ड्रोन निगरानी और जमीनी स्तर पर सघन जांच का सहारा लिया गया.
- ECL सीतलपुर और अन्य क्षेत्र में 85.93 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया. ECL के सीतलपुर, राजमहल, सालानपुर, चित्रा, चापापुर-II ओसीपी (मुगमा क्षेत्र), सोनपुर बाजारी और कुनुस्तोरिया क्षेत्रों में CISF ने कड़ा रुख अपनाया.
- CCL NK एवं पिपरवार में हाइवा ट्रक पकड़ा गया और पिपरवार और एनके क्षेत्र में सीआईएसएफ की टीम ने रूटीन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की. CISF ने छिपाकर अवैध कोयला ले जा रहे एक हाइवा ट्रक को रंगे हाथों पकड़ा. वाहन से कुल 13.62 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद हुआ.
- CCL करगली में 9.25 मीट्रिक टन कोयला और सात मोटरसाइकिलें जब्त की गई. करगली क्षेत्र में भी CISF ने स्थानीय इनपुट्स के आधार पर विशेष अभियान चलाया. इस क्षेत्र से 9.25 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया गया.
यह भी पढ़ें: झारखंड में निवेश की बहार, JSLPS करेगा 71,000 करोड़ का निवेश, नई औद्योगिक नीति पर उद्योगपतियों ने जताई खुशी


