Lohardaga: DC संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत पेशरार प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों पर चल रहे गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों का निरीक्षण किया. DC ने BLO,सुपरवाइजर और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, कार्य में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान रोरद पंचायत के मतदान केंद्र संख्या-16 एवं 17 और केरार गांव के मतदान केंद्र संख्या-09 में गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई. इस पर DC ने संबंधित BLO और BLO सुपरवाइजर को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए और कार्य में तेजी लाई जाए.

ASD सूची का किया सत्यापन, पारदर्शिता पर दिया जोर
DC ने निरीक्षण के दौरान ASD(Absent, Shifted, Dead) सूची का भी अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानांतरित मतदाताओं की नई जगह पर मैपिंग की स्थिति का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही गणना प्रपत्र के वितरण से लेकर डिजिटाइजेशन तक की पूरी प्रक्रिया त्रुटिरहित और पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न करने पर जोर दिया.
अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति के निर्देश
DC ने AERO को निर्देश दिया कि BLO के सहयोग के लिए प्रखंड स्तर से अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए. उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का पूरा कार्य अगले 4 से 5 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए.


