Hazaribagh: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में लापरवाही और धीमी प्रगति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. विष्णुगढ़ प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या-453 पर कार्य में गंभीर शिथिलता पाए जाने के बाद संबंधित BLO, BLO पर्यवेक्षक एवं वालंटियर को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. साथ ही अगले आदेश तक तीनों का वेतन स्थगित रखने का आदेश भी जारी किया गया है.
24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24-मांडू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-453 पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू होने के एक सप्ताह बाद भी मात्र दो प्रपत्रों का ऑनलाइन निष्पादन किया गया. निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध अभियान में इतनी धीमी प्रगति को प्रशासन ने गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की है. अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, विष्णुगढ़ द्वारा जारी नोटिस में BLO रूकवा देवी, BLO पर्यवेक्षक प्रभुनारायण सिंह तथा वालंटियर मोहम्मद गफूर अंसारी को निर्देश दिया गया है, कि वे 24 घंटे के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें.

निर्धारित अवधि के भीतर अभियान को पूरा करना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी
जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है, कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध अभियान है, जिसे निर्धारित अवधि के भीतर पूरा करना सभी संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी है. यदि निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो निर्वाचन कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि SIR अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा प्रत्येक मतदान केंद्र की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद SIR अभियान से जुड़े BLO, पर्यवेक्षकों एवं वालंटियरों में सतर्कता बढ़ गई है. अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया है, कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरा करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: पंचायत भवन, पाण्ड्रा में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित, 60 अभ्यर्थी हुए सफल


