Ranchi: राजधानी के सबसे पॉश इलाकों में शुमार अशोक नगर इलाके में नितेश प्रियदर्शी के घर में चोरी का प्रयास और त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक अशोक पांडे के घर में लाखों की चोरी मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं. पुलिस का दावा है कि ये इतने महत्वपूर्ण सुराग हैं कि इनके आधार पर मामले का जल्द खुलासा हो जाएगा. सीसीटीवी फुटेज, गुप्तचरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है.
थाना प्रभारी ने क्या कहा
इस संबंध में अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश गोराई ने कहा कि सुराग इतने अहम हैं कि उन्हें फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. बताते चलें कि बुधवार की देर रात चोरों ने अशोक नगर इलाके के दो घरों को निशाना बनाया था. नितेश प्रियदर्शी के घर में चोरी के प्रयास के दौरान बॉडीगार्ड की एके-47 से गोली भी चली थी, जिसमें बॉडीगार्ड घायल हो गया था.

बिल्डर अशोक पांडे के घर लाखों की चोरी
त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक बिल्डर अशोक पांडे के घर में चोरों ने नगदी और महंगे गहनों पर हाथ साफ कर दिया था. चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है.
चोरी की नीयत से घुसे थे दो चोर
बुधवार की देर रात अशोक नगर रोड नंबर 5B स्थित स्थानीय निवासी नितेश प्रियदर्शी के घर में दो अज्ञात चोर चोरी करने की नीयत से परिसर में दाखिल होने की फिराक में थे. दोनों अपराधी दबे पांव घर के भीतर घुसने का प्रयास कर रहे थे. तभी वहां मुस्तैद नितेश प्रियदर्शी के निजी बॉडीगार्ड की नजर उन पर पड़ गई. बॉडीगार्ड की एके-47 से फायरिंग के दौरान वह खुद अपनी ही गोली का शिकार हो गया.


