रांची: राज्य के अलग-अलग जिलों से पिछले 24 घंटों में अशांति और हादसों की खबरें सामने आई हैं. जहां सरायकेला में बच्चा चोरी की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया और सैकड़ों ग्रामीण हथियारों के साथ सड़क पर उतर आए, वहीं धनबाद, गढ़वा, चतरा और पाकुड़ में भीषण सड़क हादसों और आगजनी की घटनाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. इन हादसों में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है और कई घायल हैं.

सरायकेला में अफवाहों का बाजार गर्म, हथियारों के साथ सड़क पर उतरे ग्रामीण:
सरायकेला के पहाड़पुर गांव में गुरुवार रात बच्चा चोरी की अफवाह ने भारी हंगामा खड़ा कर दिया. अफवाह इतनी तेजी से फैली कि दर्जन भर गांवों के सैकड़ों लोग टांगी, कुल्हाड़ी और डंडे लेकर सड़क पर उतर आए. घंटों तक इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और न ही किसी संदिग्ध का सुराग मिला. पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से बचने की अपील की है.
गढ़वा में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने महिला को कुचला:
गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव में एक तेज रफ्तार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने निर्माणाधीन मकान के पास खड़ी कलिता देवी को कुचल दिया. चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला के गिरने के बाद चालक ने ट्रैक्टर उसके ऊपर से गुजार दिया, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई. अस्पताल ले जाने के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. आरोपी चालक वाहन सहित फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
चतरा के संघरी घाटी में भीषण दुर्घटना, एक की मौत:
सदर थाना क्षेत्र स्थित संघरी घाटी के खतरनाक मोड़ पर शुक्रवार सुबह एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया. इसके पीछे आ रहे आधा दर्जन हाइवा ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए.इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.दुर्घटना के कारण चतरा–डोभी मुख्य मार्ग पर घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
पाकुड़ में हाईवा और ट्रक की सीधी भिड़ंत, चालक गंभीर:
पाकुड़-हिरणपुर मुख्य सड़क पर सोलगाड़िया के पास बालू लदे हाईवा और ईंट लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई. टक्कर इतनी भयानक थी कि हाईवा का चालक केबिन में ही फंस गया. पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
धनबाद में गैराज में खड़ी कार जलकर खाक:
धनबाद के पूटकी स्थित BCCL बी-टाइप कॉलोनी में देर रात एक गैराज में खड़ी हुंडई i20 कार में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के घरों को बचाया जा सका.

