Ranchi: अरगोड़ा पुलिस ने हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित निगम पार्क के पास से ब्राउन शुगर के साथ किशोरगंज, रोड नंबर-एक निवासी संजीव कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एल्युमिनियम फाइल में लिपटी पांच पुड़िया ब्राउन शुगर (स्टोन) और 2,600 रुपये पुलिस ने बरामद किया है. हालांकि उसका एक साथी अरगोड़ा के इमली चौक निवासी राजा उर्फ सैफ अंसारी मौके से भागने में सफल रहा. अरगोड़ा थाना क्षेत्र के भट्टा मोहल्ला, आजाद हिंद नगर निवासी मो. सोहेल उसे ब्राउन शुगर सप्लाई करता था. अरगोड़ा पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
यह भी पढ़ें: जगन्नाथपुर मंदिर के आसपास उत्पाद विभाग और पुलिस ने चलाया अभियान, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई

गुप्त सूचना पर पुलिस ने निगम पार्क के पास दी दबिश
अरगोड़ा पुलिस को ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी, जिसके बाद छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी टीम ने शुक्रवार दोपहर करीब 1.25 बजे निगम पार्क के पास दबिश दी. पुलिस को देखते ही दो युवक भागने लगे. इनमें से एक को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया. तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के पास से एल्युमिनियम फाइल में लिपटी पांच पुड़िया ब्राउन शुगर और 2,600 रुपये नकद मिला. ब्राउन शुगर का वजन पैकिंग सहित 0.52 ग्राम है. आरोपी संजीव ने पुलिस को बताया कि वह और राजा उर्फ सैफ अंसारी ब्राउन शुगर घूम-घूमकर बेचते हैं. ब्राउन शुगर मो. सोहेल से खरीदते हैं.
यह भी पढ़ें: रांची: अशोकनगर चोरी मामले में चौंकाने वाला तथ्य, बिल्डर के पिता पर जानलेवा हमला करने आये थे अपराधी


