-
कुछ दिन पहले ही आशुतोष पांडेय की हुई है सगाई, उसमें मिले सारे उपहार भी ले गए अपराधी
Ranchi: अशोक नगर रोड नंबर- 4 बी, मकान सं.-362/ए (सौभाग्य नामक मकान) में बुधवार की रात बड़ी चोरी हुई थी. चोरी मामले में बिल्डर आतुशोष पांडेय ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में उन्होंने बताया है कि अपराधी उनके पिता अखिलेश पांडेय पर जानलेवा हमला करने आये थे. पिता के नहीं मिलने पर वे लोग हीरे, रूबी, सोने-चांदी के जेवरात, आठ लाख कैश व महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर ले गये. मामले में पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि चोर लग्जरी जगुआर कार से आशुतोष पांडेय के घर पहुंचे थे और घटना को अंजाम दिया.

प्राथमिकी में क्या?
प्राथमिकी में आशुतोष पांडेय ने लिखा है कि नौ जुलाई की सुबह लगभग 6 बजे जब मैं सोकर उठा तो अपने कमरे का आलमीरा खुला पाया. उसी समय मेरे दादा रामदेव पांडेय मेरे कमरे में आए और बोले कि पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा है और कोई घर में रात में घुसा था. तब तक मेरी माताजी नूतन पांडेय भी मेरे कमरे में आई और बोली कि उनके कमरे में वार्डरोब और आलमीरा टूटा है. हाल ही में संपन्न मेरी सगाई में मिले उपहार, आभूषण, नकद राशि आदि भी गायब हैं. फिर मैं अपने कमरे से निकला और प्रत्येक कमरे में जाकर देखा. हरेक कमरे का वार्डरोब और आलमीरा टूटा हुआ था. सभी कीमती सामान चोरी कर ली गई. चोरी हुए सामानों में लगभग छह सौ ग्राम सोने के जेवरात जिसमें गले का हार, कान की बाली, झुमका, कंगन, मंगलसूत्र, हीरे का पूरा सेट, गोल्ड और रूबी का पूरा सेट, चांदी एवं सोने के विविध उपहार शामिल हैं. इसके अलावा आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही न्योता में मिली लगभग आठ लाख रूपये की नकद राशि भी चोर ले उड़े. मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि वह अज्ञात व्यक्ति मेरे पिताजी पर जानलेवा हमले के उद्देश्य से मेरे घर में घुसा था और जब वे नहीं मिले तो वह कीमती सामान की चोरी कर भाग गए.
यह भी पढ़ें: बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से की शिष्टाचार मुलाकात


