Bermo: बोकारो थर्मल-जारंगडीह रेल मार्ग पर शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. रेलवे लाइन के पोल संख्या 41/25 के समीप स्थित नाले से करीब 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया. मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है.
जारंगडीह रेलवे लाइन के पास रहता था शख्स
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच के दौरान मृतक की पहचान गांधीनगर थाना क्षेत्र के जारंगडीह रेलवे लाइन के समीप रहने वाले उमेश श्रीवास्तव (35) के रूप में हुई. परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, उमेश क्षेत्र में खाली बोतलें और शीशियां चुनने का काम करता था.घटना की जानकारी गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह को भी दे दी गई है, ताकि मृतक के परिजनों को आधिकारिक सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जा सके. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बोकारो थर्मल पहुंचाया, जहां से उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा.

हत्या का मामला है या कोई दुर्घटना, जांच जारी
स्थानीय थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया सिर पर चोट के निशान मिलने से मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं. हालांकि, यह हत्या का मामला है या कोई दुर्घटना, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
ALSO READ: नई दिल्ली: “पहले राष्ट्रगीत, फिर राष्ट्रगान…” MHA ने जारी किए प्रस्तुति के नए दिशा-निर्देश


