बिल्डर और फिर जांबाज अंगरक्षक ने की हवाई फायरिंग, अंगरक्षक के पैर में लगी गोली तो अपराधी हुए फरार
Ranchi: राजधानी के अशोक नगर में गुरुवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब हथियारों से लैस अज्ञात चोर ने नामचीन बिल्डर निशित कुमार केसरी के आवास पर धावा बोल दिया. यह कोई साधारण चोरी की कोशिश नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित घुसपैठ थी, जिसे बिल्डर और उनके अंगरक्षक की जांबाजी ने नाकाम कर दिया. दोनों ओर से हुई जवाबी कार्रवाई और ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा. इस मामले में निशित केसरी ने अरगोड़ा थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस मामले में पुलिस छानबीन कर रही है. पुलिस को अपराधियों के विषय में अहम सुराग मिले है.

रात 1:30 बजे: जब टूटने लगा मुख्य दरवाजा:
घटना की शुरुआत रात के करीब 1:30 बजे हुई, जब पूरा शहर सो रहा था. अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बिल्डर निशित कुमार केसरी के घर के बाहर कुछ आहट हुई. अचानक अज्ञात अपराधियों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे को भारी हथियारों से क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया. अपराधी जबरन घर के अंदर दाखिल होने के बेहद करीब थे.
एक्शन में बिल्डर: खुद संभाली कमान, दागीं गोलियां:
जैसे ही बिल्डर निशित केसरी को खतरे का अहसास हुआ, उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने अपनी वैध लाइसेंसी रिवाल्वर निकाली और खिड़की से अपराधियों को ललकारते हुए एक के बाद एक कई हवाई फायर किए. गोलियों के तड़ातड़ तड़कने की आवाज से सन्नाटा चीर गया और अपराधी बैकफुट पर आ गए.
अंगरक्षक ने संभाला दूसरा मोर्चा: पैर में गोली लगने पर भी खदेड़ा:
बिल्डर ने तुरंत इस हमले की जानकारी अपने निजी अंगरक्षक मुखदेव राम को दी. सूचना मिलते ही अंगरक्षक किसी एक्शन हीरो की तरह मौके पर पहुंचे. अंगरक्षक मुखदेव राम ने तुरंत मोर्चा संभाला और अपनी बंदूक से हवाई फायरिंग करते हुए अपराधियों को चारों तरफ से घेरने और जिंदा दबोचने का प्रयास किया.
ALSO READ: रांची: लापुंग में पंचायत स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप, 65 अभ्यर्थियों को मिला लर्निंग लाइसेंस
पैर में लगी गोली, फिर भी नहीं छोड़ा हौसला:
अपराधियों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी. इस मुठभेड़ में एक गोली अंगरक्षक मुखदेव राम के पैर के अंगूठे को भेदती हुई निकल गई. इसके बावजूद, लहूलुहान हालत में भी उन्होंने और उनके साथियों ने बहादुरी से अपराधियों का पीछा किया, जिसके कारण बदमाश दुम दबाकर रात के अंधेरे में भागने पर मजबूर हो गए.


