Ranchi: झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शिक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है. विभाग ने राज्य के अलग-अलग जिलों में कार्यरत 15 शिक्षा अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है. यह व्यवस्था उन पदों के लिए की गई है, जो स्थानांतरण और नई पदस्थापना के बाद खाली हो गए थे. विभाग के आदेश के अनुसार, अब संबंधित अधिकारी अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ-साथ अतिरिक्त पद का भी काम संभालेंगे. इनमें जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE), अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी (SDEO) और क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी (BEO) स्तर के अधिकारी शामिल हैं.
रिक्त पदों के बीच कई जिलों में सौंपी गई अतिरिक्त जिम्मेदारी
इस फैसले के तहत रांची, खूंटी, गिरिडीह, रामगढ़, साहिबगंज, जामताड़ा, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, कोडरमा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम और गोड्डा समेत कई जिलों में अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, ताकि शिक्षा विभाग का काम बिना किसी रुकावट के चलता रहे. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे झारखंड कोषागार संहिता-2016 के नियम-87 के तहत संबंधित कार्यालय के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) की जिम्मेदारी भी निभाएंगे. शिक्षा विभाग का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. इससे रिक्त पदों के कारण प्रभावित हो रहे प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.

ALSO READ: बेरमो: बोकारो थर्मल-जारंगडीह रेल मार्ग के पास नाले से युवक का शव बरामद, सिर पर चोट के निशान


