Chaibasa: उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कुमारडुंगी और मंझारी थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए. इस दौरान 82 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा 7.8 लीटर बीयर बरामद की गई. उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम ने कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के तातीटोला में छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब बेचते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से 22 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. दोनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
मंझारी के सरलू और कोकलो में भी चली छापेमारी
मंझारी थाना क्षेत्र के सरलू और कोकलो गांव में की गई छापेमारी के दौरान अवैध शराब की बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी छापेमारी दल को आता देख फरार हो गए. इस कार्रवाई में कुल तीन उत्पाद मामले दर्ज किए गए तथा 60 लीटर अवैध चुलाई शराब और 7.8 लीटर बीयर जब्त की गई.

लाइसेंसी शराब दुकानों का भी किया गया निरीक्षण
उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने अनुज्ञप्तिधारी खुदरा शराब दुकानों के नियमित निरीक्षण अभियान के तहत कंपोजिट शराब दुकान, मंझगांव का औचक निरीक्षण भी किया. निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को निर्धारित एमआरपी पर ही शराब बेचने, अनुज्ञप्ति की सभी शर्तों का सख्ती से पालन करने तथा नियमों के अनुरूप दुकान संचालित करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: झारखंड शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल, 15 अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार


