Chatra: पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के दो मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है, यह कार्रवाई हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिण्डरा निवासी प्रेमचंद सिंह से फिरौती और रंगदारी मांगने के मामले में की गई. SP चतरा के निर्देश पर SDPO सदर सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बिहार के भोजपुर जिले से मोहम्मद अस्फाक आलम और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया.
गिरोह के आर्थिक नेटवर्क को संभालते थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी प्रिंस खान गिरोह के लिए आर्थिक लेन-देन, रेकी करने और शूटरों तक पैसे पहुंचाने का काम करते थे. इनके पास से एक मोबाइल फोन और पैसों के लेन-देन (Transaction Details) से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं.

हवाला और विदेश से फंडिंग के मिले सबूत
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में शूटरों और प्रिंस खान के सहयोगियों के बीच हवाला नेटवर्क और विदेश से आर्थिक लेन-देन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं. पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के आर्थिक नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.
ALSO READ: पलामू: परिवार नियोजन पखवाड़ा शुरू, नसबंदी और जागरूकता पर फोकस
सद्दाब अंसारी का रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी सद्दाब अंसारी का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, उसके खिलाफ धनबाद के बैंक मोड़ और गोविंदपुर थाना में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस उसके पुराने मामलों को भी खंगाल रही है.


