सरायकेला: शादी समारोह से लापता शिक्षक का ब्रिज के नीचे मिला शव,जांच में जुटी पुलिस

Seraikela: सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे रविवार सुबह एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव मिलने से इलाके में...

Seraikela
लापता शिक्षक का ब्रिज के नीचे मिला शव

Seraikela:  सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे रविवार सुबह एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नुवागढ़ धातकीडीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है.  जानकारी के अनुसार, जीतन महतो मिरुडीह स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक थे. परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे वह माणिक बाजार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. उनके साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे. इसके बाद वह घर नहीं लौटे और उनका कोई पता नहीं चल सका.

 पानी में डूबने की आशंका जता रही है पुलिस

रविवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे उनका शव देखा. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. प्रारंभिक जांच में पुलिस पानी में डूबने की आशंका जता रही है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा शादी समारोह में गया था, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा. रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि ब्रिज के नीचे उसका शव मिला है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

 सभी पहलुओं की जांच कर रही है पुलिस

जीतन महतो अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे. उनके परिवार में पत्नी और चार वर्षीय बेटा हैं. शिक्षक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है.फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

ALSO READ:झारखंड में मानसून का अलर्ट मोड, तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *