बिहार कांग्रेस की कलह ने बिगाड़ा नीट आंदोलन का खेल, टला राहुल गांधी का पटना दौरा, अब देवभूमि से मचेगा सियासी घमासान

न्यूज वेव डेस्कः नीट पेपर लीक के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन खड़ा करने की कोशिशों के बीच कांग्रेस को बिहार में बड़ा सियासी...

न्यूज वेव डेस्कः  नीट  पेपर लीक के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन खड़ा करने की कोशिशों के बीच कांग्रेस को बिहार में बड़ा सियासी झटका लगा है. छात्रों के हक के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ कांग्रेस का छात्रों की गूंज अभियान खुद की अंदरूनी कलह का शिकार हो गया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आगामी 15 जुलाई को पटना में होने वाला बहुप्रतीक्षित छात्र संवाद कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, अब यह आयोजन बिहार के बजाय 17 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित किया जाएगा.

बिहार कांग्रेस की गुटबाजी ने बिगाड़ा खेल

सूत्रों के अनुसार इस बड़े फैसले के पीछे बिहार कांग्रेस के भीतर चल रही तीव्र आंतरिक गुटबाजी और कलह को मुख्य वजह माना जा रहा है. दरअसल, संगठन से जुड़े विवाद और नेताओं की आपसी खींचतान को बढ़ता देख आलाकमान ने पटना के इस बेहद संवेदनशील कार्यक्रम को राज्य से बाहर शिफ्ट करने में ही भलाई समझी, ताकि आंदोलन के मंच पर किसी भी तरह की अंतर्कलह खुलकर सामने न आए.

Read Also: करंट लगने से जान गंवाने वाले मजदूर के परिवार को मिला 10 लाख रुपये मुआवजा

राहुल गांधी की अनुपस्थिति से बदले समीकरण

इस पूरे घटनाक्रम का एक दूसरा अहम पहलू राहुल गांधी की पिछले कुछ दिनों से बनी हुई सार्वजनिक दूरी भी है. सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी पिछले करीब 20 दिनों से विदेश दौरे पर हैं, जिसके चलते कांग्रेस को छात्रों की गूंज आंदोलन के तहत तय किए गए कई राज्यों के कार्यक्रमों की तारीखों में फेरबदल करना पड़ा है. इससे पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होने वाला कार्यक्रम भी आगे बढ़ाया जा चुका है.

अब देहरादून में जुटेगा युवाओं का मेला

पटना का कार्यक्रम भले ही रार की भेंट चढ़ गया हो, लेकिन कांग्रेस अब देहरादून में होने वाले सेमिनार की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट गई है. पार्टी का दावा है कि स्थान बदलने से युवाओं की आवाज दबाई नहीं जा सकती और वे देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस पेपर लीक घोटाले के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज करेंगे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *