Koderma: कांके विधानसभा से कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार बैठा के कोडरमा आगमन पर जिला परिसदन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक के नेतृत्व में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी की मजबूती, आगामी रणनीति और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक की शुरुआत विधायक सुरेश कुमार बैठा के स्वागत से हुई. इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर सम्मानित किया.
SIR अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश कुमार बैठा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी से सुनिश्चित होती है. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, बूथ लेवल एजेंट (BLA) और पदाधिकारियों से बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत हैं तथा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की आवश्यकता है.
“सक्रिय संगठन और जागरूक मतदाता से मजबूत होगा लोकतंत्र”
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि मतदाता सूची केवल एक प्रशासनिक दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार का आधार है. उन्होंने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की सामूहिक जिम्मेदारी है.उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने, पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
कांग्रेस में शामिल हुए दो नए सदस्य
बैठक के दौरान झुमरी तिलैया निवासी अहमद अंसारी और मरकच्चो निवासी जमील आलम ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की. विधायक सुरेश कुमार बैठा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक ने दोनों का माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया.नेताओं ने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से जिले में कांग्रेस संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी का जनाधार भी बढ़ेगा.बैठक में प्रदेश सचिव मनोज सहाय ‘पिंकू’, चंद्रभूषण साहू, जिला उपाध्यक्ष अनंत कुमार मेहता, नगर अध्यक्ष संजय सेठ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
READ ALSO : कोडरमा: बैंक ऑफ इंडिया समझौता अभियान कल से, 17 जुलाई तक निपटाए जाएंगे मामले
