Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को लेकर प्रशासनिक निगरानी तेज कर दी गई है. इसी क्रम में रविवार को बोकारो के अपर समाहर्ता सुनील चंद्र ने कसमार प्रखंड के शेडो मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की.
BLO के कार्यों की जानकारी ली
अपर समाहर्ता ने त्रियोनाला स्थित बूथ संख्या 337 और चौड़ा स्थित बूथ संख्या 341 का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के कार्यों की जानकारी ली और मतदाता गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण एवं संग्रहण की स्थिति की समीक्षा की.
प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करें. उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपना इन्यूमरेशन फॉर्म सही तरीके से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर जमा करें.
दोनों शैडो मतदान केंद्र कसमार प्रखंड क्षेत्र में ही स्थित हैं
गौरतलब है कि बोकारो जिले के दोनों शैडो मतदान केंद्र कसमार प्रखंड क्षेत्र में ही स्थित हैं. निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने हिसीम, केदला, त्रियोनाला, गर्री और कसमार गांवों का भी भ्रमण किया और अभियान की जमीनी स्थिति का जायजा लिया.
कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है. मौके पर अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, एचडीएम किशोर कांत, राजस्व कर्मचारी मो. जमील अंसारी, टिंकू लहेरी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
