Simdega: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार से सिमडेगा में एक माह तक चलने वाले परिवार स्वास्थ्य मेला का शुभारंभ किया गया. अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ दिलाना है. सदर अस्पताल परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेन, एसडीओ सुमंत तिर्की, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा एवं विधायक प्रतिनिधि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
बढ़ती जनसंख्या संसाधनों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या संसाधनों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है. ऐसे में परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति लोगों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि छोटे एवं स्वस्थ परिवार से बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन स्तर सुनिश्चित किया जा सकता है. उन्होंने जिले के सभी सहिया, एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर जाकर परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं उपलब्ध साधनों की जानकारी दें और लोगों को जागरूक करें. उन्होंने कहा कि जागरूकता ही जनसंख्या स्थिरीकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है. कार्यक्रम के दौरान परिवार नियोजन एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई. साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहियाओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया. अंत में जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता रथ को रवाना किया गया.
AlsoRead:महंगाई की डबल मार, कराची में फिर पेट्रोल हुआ महंगा, आम जनता की जेब होगी ढीली
