Saraikela: जिला उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावां की ओर से प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को खरसावां प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, खरसावां में लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया.
आठ पंचायतों के अभ्यर्थी हुए शामिल
शिविर में हरीभंजा, बीटापुर, चिलगु, रीडिंग, बुरुडीह, शिमला, खरसावां और जोजोडीह पंचायत के उन अभ्यर्थियों को शामिल किया गया, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था.शिविर के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच और निर्धारित प्रक्रिया के तहत लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई.
125 अभ्यर्थियों का था स्लॉट, 75 हुए सफल
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार शिविर के लिए कुल 125 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था. इनमें से 75 अभ्यर्थी लर्नर लाइसेंस परीक्षा में सफल हुए, जबकि 9 अभ्यर्थी असफल रहे और 41 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
घर के पास मिल रही लाइसेंस सेवा
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर शिविर आयोजित करने का उद्देश्य आम लोगों को उनके नजदीक ही लर्नर लाइसेंस से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. इससे आवेदन प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक हो रही है.उन्होंने अभ्यर्थियों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन व स्लॉट बुकिंग करने की अपील की.
सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने की अपील की. साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की बात कही गई.
ALSO READ : बोकारो: दिनदहाड़े बाइक की डिक्की से लूटे गए 3.50 लाख रुपये बिहार से बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
