सिल्ली: CHC प्रसूति वार्ड की छत से प्लास्टर गिरा, बड़ा हादसा टला

Silli: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिल्ली के प्रसूति वार्ड में सोमवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच बड़ा हादसा होते-होते...

सिल्ली
छत से गिरा प्लास्टर

Silli: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिल्ली के प्रसूति वार्ड में सोमवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया. वार्ड की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरे में कोई मरीज मौजूद नहीं थी. प्लास्टर सीधे बेड पर गिरा, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की जान बाल-बाल बच गई.

कुछ सेकंड पहले बाहर निकली थीं ANM

जानकारी के अनुसार, प्रसूति वार्ड में ड्यूटी पर तैनात ANM पिंकी कुमारी, गुंजा रोण्डा और फुजेंसिया खाखा एक मरीज की जांच करने के बाद कुछ ही सेकंड पहले कमरे से बाहर निकली थीं. उनके बाहर निकलते ही तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर टूटकर बेड पर आ गिरा. आवाज सुनते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.

पुराना हो चुका है अस्पताल भवन

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रियंका कुमारी सिन्हा ने बताया कि अस्पताल भवन काफी पुराना हो चुका है और कई हिस्सों में प्लास्टर लगातार झड़ रहा है. उन्होंने बताया कि OPD कक्ष की स्थिति भी जर्जर है. अस्पताल भवन की मरम्मत जल्द कराई जाएगी और अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित करने के लिए उच्च अधिकारियों से भी बातचीत की जा रही है.

ALSO READ: हजारीबाग: बैंक से रूपये निकाल कर करने लगे खरीदारी, मिनटों में बाइक की डिक्की से उड़ गए 49 हजार

स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद अस्पताल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में जर्जर भवन मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की जान के लिए बड़ा खतरा बन चुका है. लोगों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने और सुरक्षित भवन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *