Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला समाज कल्याण विभाग ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गांडेय में किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को माहवारी स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक बनाना था. कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी देते हुए बताया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़े किसी भी प्रकार के भ्रम या सामाजिक मिथकों पर विश्वास नहीं करना चाहिए. किशोरियों को स्वच्छता बनाए रखने, समय-समय पर सैनिटरी पैड बदलने, पौष्टिक आहार लेने तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. साथ ही उन्हें स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
यह भी पढ़ें: रांची में नगर निगम का बुलडोजर एक्शन, रांची के कई इलाकों से हटाया गया अतिक्रमण
छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने को कहा गया
इस अवसर पर छात्राओं को बाल विवाह, बाल मजदूरी, मानव तस्करी, बाल शोषण, बाल अधिकार और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनों एवं सरकारी व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा अपने अधिकारों का लाभ लेने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है. उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के साथ शोषण, हिंसा या अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों ने छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें आत्मविश्वासी, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया. साथ ही समाज में व्याप्त बाल विवाह, बाल शोषण, मानव तस्करी जैसी कुप्रथाओं और अपराधों के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाने की अपील की. कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई से कौशल जी एवं योगेंद्र जी, जिला समाज कल्याण विभाग से बिक्कू कुमार तथा वन स्टॉप सेंटर से मीरा कुमारी उपस्थित रहीं. सभी ने छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना डर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया.

यह भी पढ़ें: युवाओं को मिलेगी मार्केट-ओरिएंटेड शिक्षा, रिक्त पदों पर जल्द होगी बहाली : सीएम हेमंत सोरेन
