Lohardaga: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई.बैठक में उपायुक्त ने परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा का शांतिपूर्ण संचालन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
केंद्राधीक्षकों की भूमिका अहम
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा संचालन में केंद्राधीक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी. किसी भी तरह की समस्या आने पर संबंधित नोडल पदाधिकारी से तत्काल संपर्क कर समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सभी स्टेटिक और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पहले अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया.
तीन पालियों में होगी परीक्षा
झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई 2026 को तीन पालियों में किया जाएगा.पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और तीसरी पाली दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी.
18 केंद्रों पर शामिल होंगे 5544 परीक्षार्थी
लोहरदगा जिले में परीक्षा के लिए कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर कुल 5544 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे.परीक्षा केंद्रों में राजकीयकृत प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय, जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय नदिया हिंदू, कस्तूरबा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका, उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय सहित जिले के विभिन्न विद्यालय और शिक्षण संस्थान शामिल हैं.
Do’s और Don’ts का पालन कराने का निर्देश
बैठक के दौरान परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी गई.उपायुक्त ने परीक्षा से जुड़े Do’s और Don’ts का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके.बैठक में परीक्षा की नोडल पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, स्टेटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, केंद्राधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.
ALSO READ: रांची: DC के जनता दरबार में त्वरित कार्रवाई, दिव्यांग को मिली ई-ट्राईसाइकिल, लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज
