Chaibasa: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज परिसर में परिवार स्वास्थ्य मेला-2026 का आयोजन किया गया. DC मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस मेले का उद्देश्य परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरीकरण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना था.
11 जुलाई से 10 अगस्त तक चलेगा जागरूकता अभियान
DC मनीष कुमार ने कहा कि “बच्चों में हो सही अंतराल, तभी हो परिवार का कल्याण”. उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” है. जिले में 11 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के तहत जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उत्कृष्ट स्वास्थ्यकर्मियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में सिविल सर्जन ने परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी. इस दौरान परिवार नियोजन एवं मिशन उदय 2.0 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को DC ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
