Chaibasa: खरीफ मौसम में किसानों की आय बढ़ाने एवं फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुदड़ी प्रखंड में आत्मा (ATMA) के तत्वावधान में 52 प्रगतिशील किसानों के बीच शतप्रतिशत अनुदान पर दलहन एवं धान बीज मिनीकिट का वितरण किया गया.
कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील
बीज वितरण कार्यक्रम में किसानों को अरहर, मूंग एवं उड़द सहित विभिन्न दलहनी फसलों के बीज उपलब्ध कराए गए. साथ ही बेहतर उत्पादन एवं समय पर बुवाई सुनिश्चित करने के लिए धान बीज का भी वितरण किया गया. कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत खेती की तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा दलहन उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की.
खरीफ खेती में उन्हें काफी सुविधा मिलेगी
अधिकारियों ने बताया कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य दलहन उत्पादन में वृद्धि, किसानों की आय में बढ़ोतरी तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है. शतप्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध होने से किसानों का लागत भार कम होगा और गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग से बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में सहायता मिलेगी. कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने सरकार एवं कृषि विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध होने से खरीफ खेती में उन्हें काफी सुविधा मिलेगी.
