Ranchi: राजधानी में अपराध पर नकेल कसने और पुलिस की मुस्तैदी को परखने के लिए रांची के SSP राकेश रंजन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. 14 जुलाई की देर रात, जब पूरा शहर सो रहा था, तब SSP अचानक शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद सड़कों पर निकल आए. निरीक्षण के दौरान एसएसपी के साथ सिटी एसपी पारस राणा भी थे.
हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी से मांगा गया स्पष्टीकरण और अरगोड़ा थाना का गेट मिला बंद
एसएसपी के निरीक्षण के दौरान जब हिंदपीढ़ी थाना पहुंचे तो वहां पर न थाना प्रभारी थे और ना ही थाना के ओडी प्रभारी थे. जिसके बाद एसएसपी के द्वारा इन दोनों पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है इसके बाद एसएसपी अरगोड़ा थाना पहुंचे. इस दौरान अरगोड़ा थाना का गेट बंद था इस पर एसएसपी ने थाना प्रभारी को हिदायत देते हुए कहा है, कि थाना का गेट 24 घंटा खुला रहना चाहिए ताकि आम जनता कभी शिकायत थाना में आकर दर्ज कर सकें.
पुलिसकर्मियों में मचा हड़कंप, किसी को नहीं थी भनक
SSP राकेश रंजन रात के करीब एक बजे औचक निरीक्षण के लिए निकले. उनके इस सरप्राइज विजिट की खबर शहर के किसी भी पुलिस अधिकारी या थाने के कर्मियों को पहले से नहीं थी. SSP की गाड़ी विभिन्न पेट्रोलिंग पॉइंट्स पर पहुंचकर पुलिस की सक्रियता को जांचा. उन्होंने शहर के मुख्य इलाकों का दौरा किया, जिनमें प्रमुख रूप से बिरसा चौक,मेन रोड (एकरा मस्जिद एवं अन्य संवेदनशील पॉइंट), हरमू बायपास रोड, अरगोड़ा चौक शामिल थे. निरीक्षण के दौरान SSP ने नाकेबंदी और चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों से सीधे बातचीत की. उन्होंने रजिस्टर चेक किए और वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ पुलिस बल की तैनाती के बारे में विस्तृत जानकारी ली. एसएसपी ने जवानों का मनोबल भी बढ़ाया, लेकिन साथ ही स्पष्ट कर दिया कि ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी.
विधि व्यवस्था को बिगाड़ने वाले कितना भी बड़ा हो, उसे बख्शें नहीं
SSP राकेश रंजन ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और जवानों को सख्त लहजे में दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई के लिए विभाग में कोई जगह नहीं है. अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार हो या उसे किसी भी प्रभावशाली समूह का संरक्षण प्राप्त हो, पुलिस को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. SSP ने निर्देश दिया कि रात के समय संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन तलाशी ली जाए. पीसीआर और मोटरसाइकिल दस्ता (टाइगर मोबाइल) लगातार गश्त करता रहे ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके.
