National News: वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव के बीच भारत सरकार ने LPG (रसोई गैस) की सप्लाई को लेकर चिंता जताई है. हालांकि सरकार ने साफ किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) और CNG (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की सप्लाई में किसी तरह की कटौती नहीं की गई है और यह सामान्य रूप से जारी है.

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए अस्पतालों और हॉस्टलों को LPG सप्लाई में प्राथमिकता दी जा रही है. साथ ही 5 मार्च 2026 के मुकाबले देश में LPG उत्पादन को लगभग 40% तक बढ़ा दिया गया है.
राज्यों को 48 हजार किलोलीटर केरोसीन जारी
सरकार ने आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने के लिए 48,000 किलोलीटर (करीब 4.8 करोड़ लीटर) केरोसीन राज्यों को वितरित करने के लिए जारी किया है. इसके अलावा होटलों और रेस्टोरेंट्स की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कोल इंडिया को कोयला सप्लाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
LPG बुकिंग में अचानक उछाल
सरकार के मुताबिक, हाल के दिनों में LPG बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है. 12 मार्च 2026 को LPG की बुकिंग 75.7 लाख तक पहुंच गई, जबकि युद्ध से पहले यह औसतन 55.7 लाख के आसपास थी. इससे यह संकेत मिलता है कि लोग एहतियात के तौर पर ज्यादा गैस बुक कर रहे हैं.
लोगों से PNG कनेक्शन लेने की अपील
सरकार ने लोगों से अपील की है, कि जहां संभव हो वहां PNG कनेक्शन का इस्तेमाल करें, ताकि LPG पर दबाव कम किया जा सके. सुजाता शर्मा ने कहा कि बड़े शहरों में कई कमर्शियल उपभोक्ता LPG पर निर्भर हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है. ऐसे में उन्हें अपने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क या स्थानीय डीलर से संपर्क करके PNG कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है.
पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के पास 258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता है और देश पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है. इसलिए इन ईंधनों की सप्लाई को लेकर किसी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है.
अफवाहों से बचने की अपील
सरकार के मुताबिक देशभर में मौजूद 25,000 LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स में से किसी भी जगह गैस खत्म होने (ड्राई आउट) की स्थिति नहीं आई है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस की ज्यादा बुकिंग न करें.
यह भी पढ़ें: युद्ध या आपदा में कैसे बचाएं अपनी जेब, आम लोगों के लिए 7 स्मार्ट फाइनेंशियल रणनीतियां

