Hazaribagh : हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने उपायुक्त से गुरूवार को मुलाकात की. जहां शहर के विकास और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से रखा. विधायक ने शहर की यातायात व्यवस्था, स्वास्थय सेवाओं में सुधार और जन सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर उपायुक्त के साथ गहन मंथन किया.
यातायात और मिशन स्कूल रोड का मुद्दा
विधायक प्रदीप प्रसाद ने शहर में बढ़ती जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने विशेष रूप से मिशन स्कूल रोड में पिलरिंग कार्य को हटाने का आग्रह किया. जन सुरक्षा के प्रति सजगता दिखाते हुए विधायक ने शहर के सूखे और जर्जर पेड़ों को जल्द से जल्द चिन्हित कर हटाने की मांग की. मिशन स्कूल ग्राउंड के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी रखा.

स्वास्थय सेवाओं में सुधार और अनियमितताओं पर प्रहार
विधायक ने स्वास्थय क्षेत्र में व्याप्त खामियों को दूर करने पर जोर दिया. पोस्टमार्टम व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया. निजी अस्पतालों में हो रही अनियमितताओं की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की. ताकि आम जनता का शोषण रोका जा सके.
उपायुक्त ने दिया आश्वासन
विधायक प्रदीप प्रसाद की बातों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने इन सभी जनहित के कार्यों पर त्वरित संज्ञान लेने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया. विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य हजारीबाग को एक व्यवस्थित और विकसित शहर बनाना है, जहां हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं आसानी से मिल सकें.
ALSO READ : उत्पाद सिपाही परीक्षा धांधली केस में बुलबुल समेत तीन गिरफ्तार
