गिरिडीह : तिसरी में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत

Giridih : जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो...

Giridih : जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. यह हादसा तिसरी थाना क्षेत्र के पालमो गांव के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 20 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े. मृतकों की पहचान तिसरी के राउतडीह निवासी 20 वर्षीय प्रिंस यादव, पिता विजय यादव तथा 20 वर्षीय विवेक यादव, पिता विरेंद्र यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार दोनों युवक तिसरी चौक से घरेलू सामान खरीदकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

दो युवकों की मौत, जांच में जुटी पुलिस 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रिंस यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विवेक यादव को ग्रामीणों और तिसरी थाना पुलिस की मदद से तत्काल तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे. अपने बेटों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया. गांव में भी इस हादसे से शोक की लहर फैल गई है. इधर, सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा बोलेरो को जब्त कर लिया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस बोलेरो चालक की पहचान और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

Also Read : फाइलों में दफन हुआ सुगिया कोल ब्लॉक, 16 करोड़ की बैंक गारंटी भी जब्त, सिस्टम की सुस्ती ने निगला 2.06 मिलियन टन का कोयला भंडार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *