Prerna
Ranchi: रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही डाक विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. बहनों की राखी समय पर देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले भाइयों तक पहुंचे, इसके लिए विशेष राखी लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं. साथ ही डाक की छंटाई और वितरण व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है.
विशेष राखी लिफाफे की सुविधा
इस पूरे मामले पर वरिष्ठ डाकपाल दिवाकर कुमार से बातचीत की गई. उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान राखियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. इसे देखते हुए डाक विभाग ने विशेष राखी लिफाफे उपलब्ध कराए हैं, जिससे राखियां सुरक्षित तरीके से और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.
समय पर राखी भेजने की अपील
दिवाकर कुमार ने बताया कि सभी प्रमुख डाकघरों में विशेष राखी लिफाफे उपलब्ध हैं. इसके अलावा डाक की छंटाई और वितरण के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों एवं विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी प्रकार की देरी न हो. उन्होंने लोगों से अपील की कि अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपनी राखी डाक के माध्यम से भेजें.
बेहतर सेवा देने का दावा
उन्होंने कहा कि डाक विभाग हर वर्ष की तरह इस बार भी रक्षाबंधन को लेकर पूरी तरह तैयार है. विभाग का प्रयास है कि बहनों का स्नेह और विश्वास समय पर उनके भाइयों तक पहुंचे तथा त्योहार की खुशियों में किसी प्रकार की बाधा न आए.
