Ramgarh: आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने और उनकी खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस द्वारा चलाई गई विशेष मुहिम ‘ऑपरेशन भरोसा’ को बड़ी सफलता मिली है. एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर चलाए गए इस एक माह के विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कुल 125 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें न्यू टाउन हॉल में बुधवार को आयोजित एक जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया.

छह महीने की शिकायतों पर एक माह का विशेष एक्शन
एसपी ने बताया कि पिछले छह महीनों में विभिन्न थानों और CEIR पोर्टल पर मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित कई सनहा दर्ज कराई गई थीं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी रामगढ़ ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को एक महीने का विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था. पुलिस टीमों ने तकनीकी इनपुट और मुस्तैदी के आधार पर न सिर्फ रामगढ़ जिला, बल्कि राज्य के अन्य जिलों जैसे रांची हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा आदि क्षेत्रों से इन मोबाइलों को खोज निकाला.
सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक

मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वहां उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा, नशा के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इसके साथ ही आम लोगों को CEIR PORTAL के उपयोग के बारे में बताया गया कि कैसे वे मोबाइल गुम होने पर घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं. पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे इस जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और परिचितों के साथ साझा कर उन्हें भी जागरूक बनाएं.
जनता ने जताया पुलिस का आभार
वर्षों या महीनों से खोए हुए मोबाइल फोन को दोबारा वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे. मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों ने रामगढ़ पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की और पुलिस प्रशासन के प्रति अपना गहरा विश्वास व्यक्त किया. रामगढ़ पुलिस ने इस मौके पर संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और जनता के भरोसे को सुदृढ़ करने के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे.
ALSO READ : हरमू नदी सौंदर्यीकरण मामला : JUIDCO को HC से झटका, 60 दिनों में बकाया भुगतान और 10 फीसदी ब्याज देने का आदेश
