Ranchi: जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के न्यू बिरसा नगर की रहने वाली 63 वर्षीय सेवानिवृत्त स्टाफ नर्स शिरमती कुमारी एटीएम कार्ड बदलकर की गई ठगी का शिकार हो गईं. ठगों ने उनका डेबिट कार्ड बदलकर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और एटीएम से निकासी के जरिए कुल 1.56 लाख रुपये निकाल लिए. मामले में पीड़िता ने जगरनाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
बातों में उलझाकर बदल दिया एटीएम कार्ड
प्राथमिकी के अनुसार, शिरमती कुमारी केनरा बैंक के बिरसा चौक स्थित एटीएम से पैसे निकालने गई थीं. इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग एटीएम कक्ष में पहुंचे और बातचीत के बहाने उनका ध्यान भटका दिया. इसी बीच ठगों ने उनका असली केनरा बैंक डेबिट कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड उनके हाथ में थमा दिया. आरोप है कि बातचीत के दौरान ठगों ने उनके एटीएम का पिन भी देख लिया.
ऑनलाइन ट्रांसफर और एटीएम से निकाले रुपये
ठगों ने कार्ड बदलने के बाद मो. असलम नामक व्यक्ति के खाते में 76 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. इसके अलावा हटिया रोड और हिनू स्थित एटीएम से आठ बार में 80 हजार रुपये नकद निकाल लिए. इस तरह कुल 1.56 लाख रुपये की ठगी की गई.
बैंक और साइबर पोर्टल पर की शिकायत
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने तत्काल बैंक को सूचना देकर अपना खाता और डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया. साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई.
सीसीटीवी जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने बताया कि वह वरिष्ठ नागरिक और विधवा हैं. उन्होंने पुलिस से एटीएम के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने, ठगी गई राशि बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ALSO READ : 195 वर्षों से कायम है चैनपुर राजगढ़ की आस्था, भव्य रथ यात्रा के साथ मौसी बाड़ी पहुंचे प्रभु जगन्नाथ
