Palamu : जिला के नीलांबर पितांबरपुर प्रखंड मुख्यालय में आधार केंद्र बंद रहने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. ऐसे में लोगों को नया आधार कार्ड बनवाने, आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक सुधार कराने के लिए दूसरे जगहों का चक्कर लगाना पड़ रहा है. इससे ग्रामीणों को समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिसको लेकर प्रखंड नीलांबर-पीतांबरपुर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी BDO जागो महतो को ज्ञापन सौंपा. जिसमें प्रखंड मुख्यालय में आधार केंद्र शीघ्र चालू कराने की मांग की.
आधार केंद्र शुरू करने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आधार कार्ड आज लगभग सभी सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेज बन चुका है. ऐसे में प्रखंड मुख्यालय में आधार केंद्र का संचालित नहीं होना आम जनता के लिए बड़ी समस्या है. उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड कार्यालय में अविलंब आधार केंद्र शुरू कराने की मांग की.
एक सप्ताह के अंदर केंद्र में शुरू होगा काम
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी BDO जागो महतो ने कहा कि जिला प्रशासन से बात कर एक सप्ताह के भीतर प्रखंड कार्यालय में आधार केंद्र शुरू कर दिया जाएगा. जिससे स्थानीय लोगों को आधार से संबंधित सभी सेवाएं प्रखंड मुख्यालय में ही उपलब्ध हो सकें. मौके पर कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सिंह, मंडल अध्यक्ष सुशील तिवारी, गंगा देवी, अरबिंद मिश्र, अजय सिंह, रमेश कुशवाहा, प्रदीप पासवान सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे.
ALSO READ : गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव की अपील पर HC ने मांगा LCR
