Ranchi: रांची रेल मंडल के दो महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन- पिस्का और मूरी- अब पूरी तरह नए स्वरूप में यात्रियों की सेवा के लिए तैयार हैं. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दोनों स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है और 17 जुलाई को इनके उद्घाटन की तैयारी अंतिम चरण में है. प्रस्तावित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे. इसके अलावा राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है.पुनर्विकास के बाद दोनों स्टेशनों का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है. यात्रियों को अब आधुनिक प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय, पेयजल की बेहतर व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए सुगम सुविधाएं, आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली और बेहतर रोशनी जैसी सुविधाएं मिलेंगी. रेलवे का मानना है कि इन सुविधाओं से न सिर्फ रेल यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक होगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा.
यह भी पढ़ें: रिम्स में MBBS की 250 सीटों को NMC की मंजूरी, झारखंड के मेडिकल छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां तेज
उद्घाटन समारोह को लेकर रांची रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं. स्टेशन परिसरों को सजाया जा रहा है, साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम अंतिम दौर में है. सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
