रांची: जिले में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई और आम उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी दूर करने के निर्देश दिए गए.

कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि एलपीजी सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग, कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की जानकारी मिले, तो तुरंत अबुआ साथी हेल्पलाइन नंबर 9430328080 पर शिकायत करें.
बैठक में बताया गया कि आपात स्थिति में उपभोक्ता 5 किलोग्राम का छोटा गैस सिलेंडर भी प्राप्त कर सकते हैं. यह सिलेंडर एचपी गैस और भारत गैस के पास पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आधार कार्ड दिखाकर आसानी से लिया जा सकता है.
24 हजार से अधिक घरों में लगा पीएनजी कनेक्शन
रांची में पाइपलाइन गैस (पीएनजी) की सुविधा भी तेजी से बढ़ रही है. गेल इंडिया लिमिटेड के सिटी गैस वितरण परियोजना के तहत अभी तक शहर के 24 हजार से अधिक घरों में पीएनजी कनेक्शन लगाया जा चुका है. जिन क्षेत्रों या अपार्टमेंट में पाइपलाइन गैस की सुविधा उपलब्ध है, वहां के निवासी टोल-फ्री नंबर 1800-123-121111 पर संपर्क कर नया कनेक्शन ले सकते हैं.
वहीं, जिला प्रशासन और गैस कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से बार-बार गैस बुकिंग न करें. अधिकारियों के अनुसार जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति है और स्थिति सामान्य है.
गैस बुकिंग के लिए महत्वपूर्ण नंबर
झलक इंडेन, डोरंडा के उपभोक्ता रिफिल बुकिंग से जुड़ी जानकारी के लिए 6204801046 और 6204801051 नंबर पर कॉल या व्हाट्सऐप कर सकते हैं.
मैन्युअल बुकिंग के लिए नंबर
एसके गैस सर्विस, बारियातु – 7033632177, 8809313177
वैष्णवी इंडियन गैस एजेंसी, धुर्वा – 9430329616
जिला प्रशासन ने कहा है कि रांची में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पाण्डेय सहित तेल कंपनियों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे. बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (इंडेन गैस), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपी गैस), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (भारत गैस) और गेल इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों ने भी भाग लिया.

