Ranchi: पुरानी विधानसभा के समीप प्रदर्शन कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर रास्ता जाम कर दिया है. कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बस को भी आगे बढ़ने से रोक दिया है. सड़क जाम होने के कारण जगन्नाथपुर थाना से लेकर पुरानी विधानसभा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है.
प्रदर्शनकारी छात्र सड़क पर बैठकर और लेटकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं. मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है. विधानसभा घेराव को लेकर पहले से ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है.
पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक
पुरानी विधानसभा के पास पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक हुई है. पुलिस डिटेन किए गए कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर मौके से ले जाने की तैयारी कर रही है. हालांकि, ABVP कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बस को आगे बढ़ने से रोक दिया है.
बस को आगे बढ़ाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक की स्थिति बनी. मौके पर पुलिस बल मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं, कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर मौके पर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं.

