Koderma: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के डगरनवां पंचायत अंतर्गत फुटलहिया गांव में गुरुवार को एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला. घायल की पहचान 47 वर्षीय मिट्ठू मुर्मू, पिता मंझलू मुर्मू के रूप में हुई है. फिलहाल सदर अस्पताल कोडरमा में उसका इलाज चल रहा है.
घर के अंदर घायल हालत में मिला युवक
जानकारी के अनुसार, नवलशाही थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई इंदुभूषण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहां एक घर के अंदर मिट्ठू मुर्मू शराब के नशे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला. पुलिस ने बिना देर किए उसे अपने वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया.
पारिवारिक विवाद में मारपीट की आशंका
एसआई इंदुभूषण ने बताया कि घटनास्थल पर केवल एक ही घर है और उसी घर के अंदर घायल व्यक्ति मिला. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के कारण मारपीट हुई, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. घायल की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है.पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घायल के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: रांची: 4 घंटे में लूटकांड का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल और लूटी गई बाइक बरामद
