Ranchi: झारखंड में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ऊपर बना लो-प्रेशर अब गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय है, जिसके कारण अगले कई दिनों तक राज्य भर में मानसून के बादल छाए रहेंगे और कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
लो-प्रेशर का दिखेगा असर, जमकर बरसेंगे बादल
मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों से होता हुआ लो-प्रेशर एरिया अब गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के उत्तरी हिस्सों में शिफ्ट हो गया है. इसका सीधा असर यह है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में नमी बनी हुई है, जो बारिश का मुख्य कारण है. राज्य के कई इलाकों में पहले ही अच्छी बारिश दर्ज की गई है. रिपोर्ट के अनुसार, लातेहार में सर्वाधिक 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. वहीं, बोकारो-थर्मल में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
23 जुलाई तक मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. 17 जुलाई से लेकर 23 जुलाई तक लगातार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है.अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा, लेकिन इसके बाद यानी 18 जुलाई से अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ वज्रपात होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
• 17 और 18 जुलाई: उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भाग (हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी) के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
• 19 जुलाई: राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
• 20 और 21 जुलाई: राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों में भारी वर्षा के आसार हैं.
रांची और आसपास का हाल
राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में भी अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. 17 जुलाई से 23 जुलाई तक रांची में आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होने की पूरी संभावना है. रांची का अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
