Palamu: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू के प्रतिनिधिमंडल ने मेदिनीनगर की महापौर अरुणा शंकर और चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आनंद शंकर से उनके आवास पर मुलाकात कर आगामी कारगिल विजय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया. इस दौरान परिषद ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की.
शहीद चौक से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह की शुरुआत 26 जुलाई की सुबह 10:00 बजे स्थानीय शहीद चौक (पूर्ववर्ती कचहरी चौक) से होगी. यहां महापौर, पूर्व सैनिक सेवा परिषद और पलामू प्रमंडल योद्धा समूह के पदाधिकारी शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
टाउन हॉल में होगा मुख्य सम्मान समारोह
श्रद्धांजलि कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों की वीर नारियों, घायल सैनिकों और युद्ध में भाग लेने वाले सेवानिवृत्त सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भी भागीदारी रहेगी.
देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष के आयोजन का प्रमुख आकर्षण नगर के कलाकार उमाशंकर मिश्र और उनके सहयोगियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. इसके अलावा विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी अपनी प्रस्तुतियों से समारोह को विशेष बनाएंगे. आयोजन स्थल पर आगंतुकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है.
शहीद स्मारक पर होगा आयोजन का समापन
टाउन हॉल में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी अतिथि और पूर्व सैनिक पोलपोल स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर माल्यार्पण करेंगे. इसी के साथ कारगिल विजय दिवस समारोह का औपचारिक समापन होगा.
ALSO READ: झारखंड में मानसून सक्रिय, अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें आपके जिले का हाल
अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष दामोदर मिश्र ने पलामूवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके बलिदान को नमन करें.
