Dhanbad: जिले के झरिया स्थित पाथरडीह थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित मारपीट के वीडियो ने सनसनी फैला दी है. वीडियो में कुछ युवकों की बेल्ट और डंडे से बेरहमी से पिटाई होती दिखाई दे रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद तीन युवकों के लापता होने की खबर से परिजनों में दहशत का माहौल है. चिंतित परिजन थाने पहुंचकर तीनों की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है.
लापता युवकों की हुई पहचान
परिजनों के मुताबिक लापता युवकों की पहचान मिहिर मल्लिक, जयदेव मल्लिक और विक्की मल्लिक के रूप में हुई है. तीनों रामकनाली ओपी क्षेत्र के खेपचाटांड़ बस्ती, कतरासगढ़ के रहने वाले हैं. बताया जा रहा है कि तीनों चासनाला स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका. इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित मारपीट का वीडियो सामने आया, जिसे देखने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई.
Read Also: झारखंड में मानसून की बेरुखी: 40 फीसदी कम बारिश, आधे से ज्यादा जिले सूखे की मार झेलने को मजबूर
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में पाथरडीह थाना पुलिस जांच में जुट गई. पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और लापता तीनों युवकों की तलाश जारी है. वहीं परिजन पुलिस से जल्द से जल्द तीनों को सकुशल बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस वीडियो की सत्यता, मारपीट की घटना और तीनों युवकों के लापता होने के बीच संबंध की जांच कर रही है. अब सभी की नजर पुलिस जांच और लापता युवकों की सुरक्षित बरामदगी पर टिकी है.
