Jamtara: अमर शहीद भाजपा नेता स्वर्गीय मदन पांडेय के शहादत दिवस पर शुक्रवार को नारायणपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान उनकी आदमकद प्रतिमा पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.कार्यक्रम में भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता, पूर्व सांसद सुनील सोरेन और भाजपा नेत्री बबीता झा सहित कई लोग मौजूद रहे. सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीद मदन पांडेय के बलिदान को नमन किया.
17 जुलाई 1999 को नक्सलियों ने कर दी थी हत्या
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि 17 जुलाई 1999 को नक्सलियों ने उनके घर में घुसकर स्वर्गीय मदन पांडेय की निर्मम हत्या कर दी थी. उन्होंने कहा कि मदन पांडेय भाजपा के निष्ठावान, समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे, जिन्होंने नारायणपुर सहित पूरे संथाल परगना क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.नेताओं ने कहा कि संयुक्त बिहार के समय नारायणपुर क्षेत्र उग्रवाद प्रभावित था. उस चुनौतीपूर्ण दौर में मदन पांडेय ने साहस का परिचय देते हुए उग्रवादियों के खिलाफ आवाज उठाई और समाज की सुरक्षा के लिए लगातार काम किया. इसी कारण वे उग्रवादियों के निशाने पर आ गए और राष्ट्र व समाज की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए.
मदन पांडेय के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया
भाजपा नेताओं ने कहा कि मदन पांडेय का त्याग, राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण हमेशा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा. संथाल परगना में भाजपा संगठन के विस्तार और उग्रवाद के खिलाफ जनजागरण में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा.कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीद मदन पांडेय को श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
