Ranchi: श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और सुल्तानगंज जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है. रांची रेल मंडल की ओर से रांची और भागलपुर के बीच दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों के चलने से न सिर्फ कांवरियों की यात्रा आसान होगी, बल्कि नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है.
राजाबेड़ा मार्ग से चलेगी पहली श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार पहली स्पेशल ट्रेन 08690/08689 रांची-भागलपुर-रांची (राजाबेड़ा मार्ग) 26 जुलाई से 9 सितंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को रांची से रवाना होगी. वापसी में यह ट्रेन 27 जुलाई से 10 सितंबर तक सोमवार और गुरुवार को भागलपुर से चलेगी. इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसी थ्री-टियर की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
बरकाकाना मार्ग से दूसरी स्पेशल ट्रेन का होगा संचालन
वहीं दूसरी स्पेशल ट्रेन 08646/08645 रांची-भागलपुर-रांची (बरकाकाना मार्ग) 27 जुलाई से 11 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को रांची से संचालित होगी. यह ट्रेन बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, किउल और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचेगी. वापसी सेवा 28 जुलाई से 12 सितंबर तक मंगलवार और शनिवार को भागलपुर से रांची के लिए उपलब्ध रहेगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसी थ्री-टियर श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं.
Read Also: चाईबासा: रेलवे क्वार्टर निर्माण स्थल से मोबाइल चोरी, आरोपी युवक गिरफ्तार
कन्फर्म सीट मिलने में होगी आसानी
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु झारखंड और बिहार के बीच यात्रा करते हैं. इसी अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में आसानी हो और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सके. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और परिचालन की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES या रेलवे हेल्पलाइन से जरूर जांच लें.
