Hazaribagh: दारू थाना क्षेत्र के पुनाई टांड़ स्थित एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में एक शिक्षक द्वारा चौथी कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं होने पर शिक्षक ने छात्र की डंडे से जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसके नितंब पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पीड़ित छात्र के पिता ने दारू थाना में लिखित आवेदन देकर दोषी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
होमवर्क नहीं बनने पर भड़क गया शिक्षक
जानकारी के अनुसार इचाक थाना क्षेत्र के लुंदरू गांव निवासी सुनील कुमार गुप्ता का 10 वर्षीय पुत्र रौनक गुप्ता एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है. आज विद्यालय पहुंचने पर शिक्षक अजय कुमार ने उससे होमवर्क दिखाने को कहा. छात्र ने तबीयत खराब होने के कारण होमवर्क पूरा नहीं होने की बात बताई. आरोप है कि यह सुनते ही शिक्षक आपा खो बैठे और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी.
मारपीट से छात्र हुआ बेसुध
परिजनों का आरोप है कि छात्र लगातार माफी मांगता रहा और छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन शिक्षक ने उसकी एक नहीं सुनी. डंडे से लगातार वार किए जाने से छात्र के नितंब पर गहरे जख्म हो गए और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया.
प्राचार्या पर भी गंभीर आरोप
छात्र के पिता सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली. इसके बाद वह घायल बेटे को लेकर स्कूल की प्राचार्या ममता देवी के घर पहुंचे. उनका आरोप है कि प्राचार्या ने उनकी बात सुनने के बजाय झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वहां से भगा दिया.
थाने में दिया आवेदन, कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर पीड़ित छात्र के पिता ने दारू थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस आवेदन के आधार पर जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: बंद खदान में मिली युवती की लाश की गुत्थी सुलझी, प्रेमी ने रची थी हत्या की खौफनाक साजिश
प्राचार्या बोलीं- स्कूल में छड़ी का प्रयोग प्रतिबंधित
मामले पर एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल की प्राचार्या ममता देवी ने कहा कि उन्हें विद्यालय के एक शिक्षक द्वारा बच्चे की पिटाई किए जाने की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में छड़ी का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है. यदि शिक्षक द्वारा ऐसी घटना की गई है तो यह गलत है. उन्होंने कहा कि वह पीड़ित बच्चे के साथ हैं और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.
