Koderma: जिले के मरकच्चो प्रखंड के नादकरी और हरलाडीह गांव में लगातार दूसरे दिन जंगली हाथियों के झुंड की दस्तक से ग्रामीणों में भय का माहौल है. करीब 30 हाथियों का झुंड गांव के आसपास पहुंच गया, जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी.
वन विभाग ने मशाल और पटाखों से हाथियों को खदेड़ा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों के सहयोग से वनकर्मियों ने मशाल और पटाखों की मदद से हाथियों को धीरे-धीरे गांव से दूर भगाया. इसके बाद हाथियों के झुंड को बराकर नदी पार कर सुरक्षित जंगल की ओर भेज दिया गया.
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें. रात के समय जंगल और नदी किनारे अकेले जाने से बचें. हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें.
फसल नुकसान की चिंता में किसान
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दो दिनों से हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने से लोगों में डर बना हुआ है. किसानों को अपनी खड़ी फसलों के नुकसान की चिंता भी सता रही है.वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
READ ALSO: झारखंड की राजनीति में रघुवर फैक्टर, राजनाथ और योगी से मुलाकात के बाद सियासी हलचल तेज
